Wednesday, June 11, 2014

"बुराई" का उद्गम दोषी, नाकि मात्र उपयोगकर्ता !

            "बुराई" के पेड़ की जड़ को ध्वस्त करने से बुराई समाप्त होती है। इसके पेड़ की टहनियों, पत्तों, फूलों और फलों को नष्ट करते रहने से बुराई का पेड़ फिर से उगता रहेगा। "बुराई" के जन्मदाता पर आघात करने से बुराई का निदान संभव हो सकता है। "बुराई" के उपयोगकर्ता (end-user) को ही दण्डित करते रहने से "बुराई" के उदय को कभी भी समाप्त नहीं किया जा सकता, क्योंकि "बुराई" के वृक्ष के उदय को 'रिश्वत', 'सिफारिश' और 'ऊँचे ओहदों की ठनक' रुपी खाद-पानी से सींचा जाता है, और कवायद होती है  इस पर उगे पत्तों और फूलों को नष्ट करने की। उदहारणस्वरुप :
(1)  'पॉलिथीन' की थैली के उत्पादन बिंदु को कड़ाई से निषिद्ध करना चाहिये, नाकि मात्र उपयोग बिंदु को।
(2)  शराब, सिगरेट, बीड़ी, तम्बाकू आदि के उत्पादन बिंदुओं को प्रभावी ढंग से हतोत्साहित करना पड़ेगा, उपभोगकर्ताओं हेतु इनके उपभोग से उत्पन्न हानियों के केवल जन-जागरण अभियानों मात्र से यह बुराईयाँ कदापि नहीं मिटेंगी।
(3)  अवैध इमारतों के उदय एवं निर्माण बिन्दुओं को कड़ाई से रोकना पड़ेगा, इनके खरीदारों और उपयोगकर्ताओं को दण्डित करना 'अन्याय' होगा, और वह भी 'अवैध' इमारत के बनने और उपयोग करने के 20-25 वर्षों के बाद। "कैंपा-कोला" सोसाइटी, मुंबई के निवासियों पर होने बाला 'अन्याय' इस प्रकार का ताज़ा दुःखद उदाहारण है।
(4)   'समानता के सिद्धांत' की अनदेखी अत्याचार को जन्म देती है। 'आदर्श सोसाइटी' मुंबई की 'अनियमितताओं' का उपचार क्या 'कैंपाकोला' सोसाइटी, मुंबई की तर्ज़ पर किया गया है ?      

Wednesday, June 4, 2014

सपा नेताओं का मानसिक दिवालियापन !

 दिनाँक 04.06.2014, दिल्ली - "बिका हुआ है मीडिया, रेप हर जगह.…"-----राम गोपाल यादव, सांसद एवं महासचिव, समाजबादी पार्टी (सपा सुप्रीमो के भाई)।

दिनाँक 03.06.2014, लखनऊ, (बदायूँ, यूपी, में नाबालिग दो बच्चियों से गैंगरेप कर हत्या के बाद उनके शवों को पेड़ से लटकाने के जघन्य अपराध के बाद) - "मैं क्यूँ बदायूँ जाऊँ ? डीजीपी को जाँच के लिये भेजा है। राजस्थान और बेंगलुरू में भी बड़ी घटनायें हो रही हैं। यूपी की घटनाओं को बढ़ाकर दिखाया जा रहा है।" -----अखिलेश यादव, मुख्यमंत्री, यूपी (सपा सुप्रीमो के पुत्र)।

दिनाँक 10.04.2014, मुरादाबाद, चुनावी जनसभा, (मुंबई शक्तिमिल गैंगरेप और हत्याकांड में दोषियों को फाँसी की सज़ा मिलने पर)  -  "लड़कों से गलती हो जाती है.… तो क्या फाँसी दे देंगे ? …. हमारी सरकार आयी, तो कानून बदल देंगे। झूठी शिकायत करने बालों को सज़ा देंगे।" ---मुलायम सिंह यादव, सांसद (सपा सुप्रीमो)।

     वाह रे, सपा सुप्रीमो श्री मुलायम सिंह यादव जी और आपका लगभग दर्जनभर सांसद, मंत्री, मुख्यमंत्री, निकाय प्रमुख आदि आदि से 'लैस' राजनैतिक कुनवा !
          आप लोगों की मानवीय संवेदनायें और विचार शून्यता अपनी निम्न पराकाष्ठा पर पहुँच गयी प्रतीत होती हैं। अच्छा न कर पाने पर सत्ता की मदहोशी में क्या अच्छा बोलना भी आप लोग भूल चुके हैं ? किसी के विरुद्ध गलत रिपोर्ट लिखाने पर सज़ा का प्रावधान पहले से ही क़ानून में है, लगता है सपा नेताओं को शायद इसकी जानकारी नहीं है। माननीय मुख्यमंत्री जी, किन्ही दूसरी जगहों पर अधिक अपराध होने से क्या आप यूपी में होने वाले अपराधों को जायज़ ठहराना चाहते हैं? "Two wrongs never make a right"। ग़लत बयानबाज़ी अपराधियों का मनोबल बढाती है, परिणामतः अपराध बढ़ते हैं। सरकार इक़बाल से चलती है, और यूपी की वर्तमान सपा सरकार का इक़बाल कहीं नज़र नहीं आता। देखिये आपकी अकर्मण्यता और जले पर नमक छिड़कने सरीखी आप लोगों की बयानबाज़ी, देशवासियों को ही नहीं अपितु देश को भी कितना नुकसान पहुँचा रही है।

     WTTCII (World Travel Tourism Council, India Initiative) ने पर्यटन मंत्रालय, केंद्र सरकार को भेजी हाल की रिपोर्ट में कहा है कि "महिलाओं के प्रति बढ़ते अपराधों से भारत की छवि को धक्का पहुँच रहा है।.…नतीज़तन भारत का पर्यटन उद्योग भी प्रभावित होगा।.…"

Tuesday, June 3, 2014

माननीय श्री अखिलेश यादव जी, मुख्यमंत्री यूपी, से एक अपील

        यूपी में "समाजबादी पार्टी" की सरकार के काबिज़ हो जाने के बाद से ही पुलिस, पीएसी, प्रशासन एवं अन्य महत्वपूर्ण सरकारी पदों का मोटे तौर पर खुला सुयोग्यता विहीन (Devoid of Merit) "यादवीकरण" करने से दो ख़ास नुक़सान हुये हैं :
(1)  'यादव' उपनामधारी अपने आपको क़ानून से ऊपर समझने लगे हैं। परिणामस्वरूप, यूपी में तहस-नहस होता सरकारी ताना-बाना। 
(2)  अन्य यादव परिवारों के सुयोग्य, अत्यंत प्रतिभाशाली, सक्षम, शांतिप्रिय और न्यायप्रिय व्यक्तियों की सुयोग्यता, सम्मान और शान में धब्बा लग रहा है।
     क्या कारण है कि हाल के बदायूँ जैसे घिनौने कांड में आरोपी पुलिस बालों के अलावा अन्य आरोपी भी अधिकांश "यादव" हैं ? 
     अतः माननीय मुख्यमंत्री श्री अखिलेश यादव जी से अब यह अपेक्षा और माँग करना शायद उचित ही है कि यूपी में सुरसा के मुँह की तरह फैल चुकी जटिल समस्याओं के उपचार में भी पहला क़दम यही होगा कि जाति और धर्म से परे "सक्षम" और "अक्षम" के बीच भेद किया जाये, और तब विभिन्न पदों पर "तैनाती" की जाये और इसके बाद ही अनेकोंएक विकासोन्मुख कार्य किये जाने शेष होंगे।
     यहाँ उल्लेख करना शायद ठीक ही होगा कि सत्ता संभालने का कर्तव्य और धर्म 'केवल और केवल' जनसेवा होना चाहिये, न कि किसी जाति विशेष, धर्म विशेष या अपने परिवारजनों का "कैरियर" बनाने या अकूत दौलतमंद बन जाने का कोई 'प्लेटफॉर्म'।

Monday, May 19, 2014

चुनावी हार पर आत्मचिंतन के वजाय धमकी !

     लोकसभा आम चुनाव 2014 में अपेक्षित परिणाम न मिलने पर राजनैतिक पार्टियाँ आत्ममंथन या आत्मचिंतन करने के वजाय दुर्भाग्य से धमकी भरा परमंथन करने पर जुटी हैं, और कोशिश में हैं कि हार का ठीकरा कैसे भी दूसरों के सर फोड़ा जाये।
     एक खबर के अनुसार बसपा सुप्रीमो सुश्री मायावती ने एक 'प्रेस-कॉन्फ्रेंस' में धमकी भरे लहज़े में कहा है कि :
     "मुसलमान अपने फ़ैसले पर पछताएँगे।"
     "…दलित अब भी हमारी पार्टी से जुड़े हुये हैं, लेकिन मुसलमान बहकावे में आ गये। मुसलमान हमेशा ग़लत क़दम उठाते हैं, और पछताते हैं…।"  
     सुश्री मायावती, मुस्लिम और दलित भाई-बहनों को क्या अपना ज़रख़रीद ग़ुलाम समझती हैं? ताज़ कॉरिडोर, स्मारक, मूर्ति, स्वास्थ्य विभाग (NRHM), यूपी चीनी मिलों के विक्रय, आदि आदि में अरबों-खरबों के वह चाहे कितने भी घपले-घोटाले करती चली जायें, सांसद विधायकी की "टिकट विक्री" करती रहें, आय से अधिक संपत्ति इकठ्ठा कर लें, उनके मन्तव्य में उनका "बंधुआ वोट बैंक" चुपचाप उनको वोट देकर सत्तासीन करता रहे, और वह स्पष्टतया सामन्तबादी शैली में अपने सगे छोटे भाई की करोड़ों-अरबों की दर्जनों कम्पनियों के माध्यम से अपना 'बेनामी' साम्राज्य स्थापित करती रहें, क्या ऐसे ही होगा दलित कल्याण? क्या इसी तरह मुस्लिम भाई-बहनों को देश की विकास-धारा में उनका हक़ मिल सकेगा?
     अरे ! आपके पास जाति आधारित वैमनस्यता और धर्म के आधार पर बँटवारे के सिवाय आम जनमानस के लिये क्या कभी कोई विकास का एजेंडा रहा है? हाँ, ख़ुद का अरबों-खरबों का विकास आपने ज़रूर कर लिया, बेचारा दलित, मुस्लिम समाज़ एवं अन्य ग़रीब तबका तो वहीं का वहीं रहा। इसलिये 2014 के लोकसभा चुनावों में जनता ने देश की कुछ और भ्रष्ट क्षेत्रीय पार्टियों के साथ-साथ आपकी पार्टी का भी वज़ूद ही ख़त्म कर दिया, फिर भी आप जैसे लोग गंभीर चिंतन के वज़ाय कभी दलितों को, कभी मुस्लिमों को, कभी किसी और को कुसूरवार ठहराने पर आमादा हैं।
     सुश्री मायावती जी, वैसे भारत का मुस्लिम समाज़ इतना नासमझ नहीं है, जितना आप समझ रहीं हैं। मुस्लिमों का निरादर करने का आपको क्या हक़ है? दरअसल, अब आप जैसों की राजनैतिक दुकानें बंद होने की कगार पर हैं, जहाँ पर केवल मज़हव और जाति की कड़ुवाहट बिकती हो। अब आप लोगों को जाति एवं धर्म से परे सर्वजन-विकास, रोज़गार सृजन, मँहगाई नियंत्रण, भ्रष्टाचार मुक्ति, अपराध मुक्ति, त्वरित विधिक न्यायिक व्यवस्था, महिला सुरक्षा, बेहतर स्वास्थ सुविधाओं का सामान अपनी राजनैतिक दुकानों में सजाना पड़ेगा।  
     मुस्लिम भाई-बहनों को भी किन्हीं अन्य भारतवासियों की तरह तरक़्क़ी और विकास चाहिये, अमन-चैन की ज़िंदगी चाहिये, सरकार चाहे किसी की भी हो। अब इस विचारधारा पर चिंतन होना चाहिये।